रायपुर। हत्या के मामले में सेंट्रल जेल रायपुर में बंद विचाराधीन कैदी करण पोर्ते, जो उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) रायपुर में भर्ती था, शनिवार को पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर उसे एक ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया।
अस्पताल से फरार हुआ आरोपी
करण पोर्ते को तबीयत खराब होने पर एम्स रायपुर लाया गया था। वहीं से वह फरार हो गया। फरारी की खबर मिलते ही रायपुर पुलिस, दुर्ग पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
रेलवे पर रखी गई कड़ी निगरानी
आईजी आरपीएफ मुन्नवर खुर्शीद, एसएसपी रायपुर लाल उमेद सिंह, एसएसपी दुर्ग विजय अग्रवाल और एसपी जीआरपी श्वेता सिन्हा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। रेलवे स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाई गई और सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को ट्रेन से दबोच लिया गया।
पूछताछ जारी
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही उसके फरार होने की पूरी परिस्थितियों की जांच भी शुरू कर दी गई है।




