धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के सोरिद शांति चौक में मोटरसाइकिल को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई पर कैंची से हमला कर दिया। इस घटना में छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी तेजराम देवांगन उर्फ चुक्कू (उम्र 35 वर्ष, पिता स्व. रामकुमार देवांगन, निवासी सोरिद शांति चौक) का अपने छोटे भाई चंद्रकांत उर्फ पिंटू के साथ मोटरसाइकिल को लेकर अक्सर विवाद होता था। बताया गया कि चंद्रकांत बार-बार तेजराम की मोटरसाइकिल मांगकर ले जाता था और उसे खराब हालत में लौटाता था, जिसके चलते दोनों भाइयों के बीच कई बार तनाव हो चुका था।
शनिवार रात करीब 10:30 बजे इसी मुद्दे पर दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ। गुस्से में आकर तेजराम ने घर में रखी कैंची से चंद्रकांत के पेट और पीठ पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में तेजराम को गिरफ्तार कर लिया। गवाहों की मौजूदगी में घटना में इस्तेमाल की गई कैंची को जप्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।




