रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित ऐतिहासिक गणेश विसर्जन यात्रा में इस बार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल हुए। 8 सितंबर की देर रात वे जयस्तंभ चौक स्थित नगर निगम के स्वागत मंच पर पहुंचे और आकर्षक झांकियों का अभिनंदन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि रायपुर की गणेश विसर्जन यात्रा अत्यंत ऐतिहासिक परंपरा का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने विघ्नहर्ता श्री गणेश से छत्तीसगढ़ की समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
रायपुर में गणेश विसर्जन झांकियों का आयोजन शाम 8 बजे से शुरू हुआ। निर्धारित मार्ग पर शारदा चौक से झांकियों को टोकन प्रदान किया गया और वे तेलघानी नाका, राठौर चौक, तात्यापारा से होते हुए आगे बढ़ीं। झांकियां जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, सदर बाजार, कंकालीपारा, पुरानी बस्ती, लाखेनगर, अश्वनी नगर, सुंदर नगर और रायपुरा मार्ग से गुजरकर महादेव घाट तक पहुंचीं।
इस वर्ष झांकियों को विभिन्न पौराणिक और समसामयिक विषयों पर सजाया गया। खास आकर्षण रहा राफेल विमान की झलक, जिसने दर्शकों का ध्यान खींचा। एक झांकी में भगवान गणेश छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वेशभूषा में विराजमान दिखे। इन झांकियों को देखने के लिए न सिर्फ रायपुर शहर बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।




