रायपुर। राजधानी रायपुर के लाखों लोगों को शनिवार की सुबह पानी की दिक्कत झेलनी पड़ेगी। नगर निगम जलप्रदाय विभाग ने शुक्रवार रात 10 घंटे का मेगा शटडाउन लेने का निर्णय लिया है। इस दौरान भाठागांव मेन रोड किनारे से गुजर रही सात में से पांच बड़ी पाइपलाइनों की मरम्मत की जाएगी।
जलकार्य विभाग के कार्यपालन अभियंता नरसिंग फरेंद्र ने बताया कि 150 एमएलडी फिल्टर प्लांट से जुड़ी 1400 एमएम व्यास की एचएस राइजिंग पाइपलाइन में भाठागांव चौक के पास लीकेज पाया गया है। रिसाव को रोकने और पाइपलाइन को दुरुस्त करने के लिए शुक्रवार शाम सप्लाई के बाद देर रात से काम शुरू होगा। यह प्रक्रिया करीब 10 घंटे चलेगी।
मरम्मत कार्य की वजह से शनिवार सुबह शहर की 13 टंकियों से जल आपूर्ति बंद रहेगी। इनमें भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डीडीनगर, ईदगाहभाठा, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना और लालपुर टंकियां प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके साथ ही अमलीडीह, अवंति विहार, मण्डी, मोवा, सद्धू, दलदलसिवनी, रामनगर, कचना, आमासिवनी, देवपुरी, बोरियाखुर्द, जोरा, भनपुरी नया, रायपुरा और कुकुरबेड़ा क्षेत्रों में भी नल सूखे रहेंगे।
इसके अलावा, नया 80 एमएलडी प्लांट से भरने वाली बैरनबाजार नया, देवेंद्र नगर नया, संजय नगर और मोतीबाग टंकियों से भी शनिवार सुबह जल आपूर्ति नहीं हो पाएगी। हालांकि निगम ने साफ किया है कि शनिवार शाम से शहर की पानी सप्लाई पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी।




