रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र में गाड़ी की हेडलाइट पड़ने पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपी ने ब्लेड से हमला कर एक युवक को बुरी तरह घायल कर दिया। युवक के गाल, सीने और हाथों में गंभीर चोट आई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित दिलीप साहू 11 सितंबर की रात अपने दोस्तों मोहन यादव और राहुल साहू के साथ खोरपा गांव गया था। रात करीब 8:30 बजे जब वह लौट रहा था, तभी उनकी गाड़ी की हेडलाइट पास में बैठे नरेंद्र साहू और उसके साथियों पर पड़ गई।
इससे नाराज होकर नरेंद्र और उसके दोस्तों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और दिलीप की पिटाई कर दी। इसके बाद नरेंद्र ने ब्लेड से दिलीप पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।




