जशपुर। पुलिस ने एक बड़े ठगी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने ‘जादुई कलश’ के नाम पर प्रदेशभर के हजारों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की। आरोपियों ने ‘आरपी ग्रुप’ नाम से एक फर्जी कंपनी खड़ी की थी और निवेश के नाम पर लोगों से भारी-भरकम रकम वसूली।
पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह ठगी योजनाबद्ध तरीके से की गई थी। आरोपियों ने दावा किया कि उनके पास एक ‘जादुई कलश’ है, जिसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊंचे दामों पर बेचा जाएगा। लोगों को भरोसा दिलाया गया कि इस व्यापार से उन्हें बड़ा मुनाफा मिलेगा। इसी झांसे में आकर हजारों लोगों ने सदस्यता शुल्क और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर मोटी रकम जमा कर दी।
Read Also- कांकेर लोकसभा चुनाव में अनियमितता का आरोप: सांसद भोजराज नाग की याचिका HC से खारिज, अगली सुनवाई 3 नवंबर को
अब तक सामने आई शिकायतों के अनुसार, कुल ठगी की रकम लगभग 1 करोड़ 94 लाख रूपए बताई जा रही है। पुलिस को संदेह है कि असली आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा हो सकता है, क्योंकि कई पीड़ित अभी तक सामने नहीं आए हैं।
चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई दस्तावेज, मोबाइल फोन और बैंक खातों की जानकारी जब्त की है, जिनकी जांच जारी है।
एसपी शशिमोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध निवेश योजना या असामान्य मुनाफे के वादों से सतर्क रहें। यदि किसी को इस कंपनी या किसी अन्य संदिग्ध योजना से जुड़ी जानकारी या शिकायत हो, तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें।




