रायपुर। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में शनिवार सुबह एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने सबसे पहले मैदान में लाश देखी और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। प्राथमिक जांच के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम सुराग जुटाए हैं, जिनकी बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
सरस्वती नगर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
फिलहाल पुलिस द्वारा आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाला जा रहा है ताकि मृतक की पहचान की जा सके। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है।




