रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र के ठुसेकेला राजीव नगर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पड़ोसी लकेश्वर पटेल और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पत्नी से अफेयर होने के शक में पड़ोसी बुधराम उरांव, उसकी पत्नी सहोद्रा और दो बच्चों अरविंद व शिवांगी की धारदार हथियार से हत्या कर शवों को खाद के गड्ढे में दफना दिया था।
11 सितंबर को ग्रामीणों ने घर से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी थी। जांच में चारों शव बरामद हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी डॉ. संजीव शुक्ला और एसपी दिव्यांग पटेल ने विशेष जांच टीम बनाई। पूछताछ में लकेश्वर ने जुर्म कबूल कर बताया कि उसने पहले बुधराम के घर की रेकी की थी और 9 सितंबर की रात नाबालिग के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों से टंगिया, रॉड, गैंती, फावड़ा और कपड़े सहित साक्ष्य जब्त किए हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




