अंबिकापुर। जिले के होलीक्रॉस वीमेंन्स कॉलेज के फेसबुक पेज पर भारत का विवादित नक्शा पोस्ट करने के मामले में गांधीनगर पुलिस ने प्रिंसिपल और फेसबुक पेज संचालक के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह शिकायत भाजपा नेता कैलाश मिश्रा ने दर्ज कराई थी।
जानकारी के अनुसार, जनवरी 2024 में कॉलेज में आयोजित एनुअल स्पोर्ट्स मीट के दौरान फेसबुक पेज पर एक बैनर पोस्ट किया गया था, जिसमें भारत का नक्शा दिखाई दिया। इस नक्शे में अक्साई चीन और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) का हिस्सा शामिल नहीं था। ये क्षेत्र भारत का अभिन्न हिस्सा माने जाते हैं।
यह पोस्ट लगभग डेढ़ वर्ष तक फेसबुक पेज पर रहा। हाल ही में 1 सितंबर 2025 को नए पोस्ट के दौरान लोगों की नजर पुराने नक्शे पर पड़ी। इसके बाद भाजपा नेता कैलाश मिश्रा ने गांधीनगर थाने में प्रिंसिपल शांता जोसेफ और जिम्मेदार अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।
गांधीनगर पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद प्रिंसिपल और कॉलेज के फेसबुक पेज संचालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, 1860 की धारा 505 (1) (B) के तहत FIR दर्ज की। थाने के प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
धारा 505 (1) (B) के तहत सार्वजनिक रूप से अफवाह फैलाने या भ्रमजनक सामग्री पोस्ट करने पर धार्मिक, जातीय या साम्प्रदायिक घृणा पैदा होने की संभावना पर तीन वर्ष तक की जेल, अर्थदंड या दोनों का प्रावधान है।




