रायपुर। रायपुर की नवनीत कौर सलूजा ने विश्व-प्रसिद्ध टीवी क्विज़ शो ‘आओ बनिए गुरसिख प्यारा’ के सीज़न 37 में विजेता का खिताब अपने नाम कर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया। यह विशेष एपिसोड रविवार, 21 सितंबर 2025 को प्रसारित होगा।
पिछले एपिसोड (14 सितंबर) में समय समाप्त होने के कारण आगे नहीं बढ़ पाने के बाद, इस बार नवनीत ने अद्भुत आत्मविश्वास, तेज स्मरण शक्ति और गहरी समझ का परिचय देते हुए सभी चुनौतीपूर्ण चरणों को सफलता पूर्वक पार किया और इतिहास रच दिया।
नवनीत कौर का विशेष रुचि क्षेत्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का पाठ और गुरु इतिहास है, और उन्होंने इस प्रतियोगिता की तैयारी के दौरान गहन अध्ययन कर महत्वपूर्ण ज्ञान अर्जित किया।
Read Also- चुनाव आयोग ने 474 गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों का पंजीकरण रद्द किया
नवनीत कौर का संदेश
अकालपुरख का धन्यवाद करते हुए मुझे गर्व और खुशी महसूस हो रही है कि मुझे इस विश्वव्यापी गुरमत क्विज़ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का अवसर मिला। इस तैयारी के दौरान मैंने गुरु इतिहास और गुरबाणी के अनेक नए पहलुओं को जाना। देशभर में सिख समुदाय ने अपनी उपलब्धियों का परचम लहराया है, यह देखकर बहुत प्रेरणा मिली। मैं सिख समाज के हर सदस्य से आग्रह करूंगी कि वे इस तरह की प्रतियोगिताओं में भाग लें और अपने बच्चों को भी प्रेरित करें, ताकि वे भी गुरमत ज्ञान और गुरबाणी से जुड़ सकें।
आभार और प्रेरणा
विजेता बनने के बाद नवनीत कौर ने अपने पति गुरप्रीत सिंह, परिवार और पूरी टीम का तहे दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरा समाज और समुदाय की जीत है।
Read Also- 22 सितंबर से GST में बड़े बदलाव, खाने-पीने से लेकर कार-बाइक तक सस्ती
खरसिया के प्रेम सिंह सलूजा ने भी कहा कि यह पल पूरे सिख समाज के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने सभी युवाओं और बच्चों को ऐसे कार्यक्रमों में हिस्सा लेने और अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए आशीर्वाद और प्रेरणा दी।
नवनीत कौर सलूजा की यह ऐतिहासिक सफलता रायपुर, छत्तीसगढ़ और पूरे सिख समाज के लिए गर्व का विषय है और आने वाली पीढ़ियों को गुरमत ज्ञान और अध्यात्म की राह पर प्रेरित करेगी।




