बेमेतरा: जिले के देवकर में शनिवार, 20 सितंबर 2025 को दोपहर करीब 1 बजे सुरही नदी के बनिया घाट पर दर्दनाक हादसा हुआ। वार्ड नंबर 12 निवासी गणेश देवांगन का 10 वर्षीय पुत्र मयंक देवांगन, जो कक्षा चौथी का छात्र था, स्कूल से लौटकर दोस्तों के साथ साइकिल धोने नदी पहुंचा था। अचानक तेज बहाव में वह बह गया।
दोस्तों ने मांगी मदद, नहीं मिला सहारा
मयंक को तेज बहाव में बहते देख उसके दोस्तों ने बचाव के लिए चिल्लाकर मदद मांगी, लेकिन उस समय आसपास कोई मौजूद नहीं होने से तत्काल सहायता नहीं मिल सकी। कुछ दूरी पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी रोहित निषाद ने मयंक को डूबते देखा और परिजनों को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
एसडीआरएफ की तलाश जारी
सूचना मिलने के तीन घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन खबर लिखे जाने तक मयंक का कोई पता नहीं चल सका था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें बच्चे की तलाश में जुटी हुई हैं।




