रायपुर. 22 सितंबर 2025 से जीएसटी रिफॉर्म लागू हो गया है. जिसका सीधा असर बाजार में देखने को मिल रहा है. जीएसटी की नई दरें नवरात्रि के पहले दिन से ही लागू हो चुकी है. जिससे बाजार गुलजार हो गया है. फ्रिज, गाड़ी, कार, खाद्य सामाग्री के साथ कपड़े, जूते और अन्य सामान सस्ते हो गए हैं. सरकार के इस फैसले से अंदाजा लगाया जा रहा है कि, त्योहार के मौके पर बाजार में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिल सकती है, जीएसटी रिफॉर्म लागू होने के बाद बीजेपी नेताओं के बयान भी सामने आ रहे हैं. जीएसटी रिफॉर्म को लेकर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बड़ा बयान दिया है.
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि GST की नई दरें लागू होने से कई समान सस्ते होंगे. GST 2.O रिफार्म में पीएम मोदी और निर्मला सीतारमण का योगदान रहा. उन्होंने देश के सभी वर्गों के लोगों ऐतिहासिक उपहार दिया है. इससे पहले 12 लाख तक की इनकम टैक्स छूट सरकार के द्वारा दी गई थी. जीएसटी रिफॉर्म से जरूरत की चीजें सस्ती होगी. किसानों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा. खेती-किसानी में काम आने वाली वस्तुएं जैसे कि, ट्रैक्टर और कृषि यंत्र के दामों में कटौती हुई है. इससे आम जनता के अलावा किसानों का पैसा बचेगा और खरीदारी की क्षमता बढ़ेगी. ऐसे में भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी. वित्त मंत्री ने तारीफ में कहा कि, ऐसा कार्य पीएम मोदी के नेतृत्व में ही संभव हैं. उन्होंने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि, जीएसटी कटौती का पूरा लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाएं.




