बालोद। जिले में वन विभाग ने अवैध सागौन लकड़ी से फर्नीचर निर्माण की सूचना पर छापा मारकर बड़ी सफलता हासिल की है। दल्लीराजहरा वन परिक्षेत्र की टीम ने कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में सागौन की लकड़ी और फर्नीचर बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, भैसबोड़ गांव के विकास देवांगन, पिता देवनाथ देवांगन, घोठिया गांव में अवैध रूप से सागौन लकड़ी जमा कर फर्नीचर बना रहा था। वन विभाग और उड़न दस्ता टीम ने सर्च वारंट के आधार पर छापेमारी की, जिसमें बड़ी मात्रा में लकड़ी और फर्नीचर जब्त किए गए।
जब्त सामान में 36 सागौन चिरान, 8 सागौन लठ्ठा, 1 बीजा लठ्ठा, 1 डायनिंग टेबल सेट, 1 सागौन चौखट, 2 सागौन सोफा, 1 सागौन दिवान और 2 सागौन दरवाजे शामिल हैं। कुल 2.233 घन मीटर सागौन लकड़ी के साथ फर्नीचर बनाने वाली मशीनें भी जब्त की गईं। दल्लीराजहरा रेंजर संतोष ठाकुर ने बताया कि जब्त सामान की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये है। मामले में जांच और कार्रवाई जारी है।




