रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 126वें एपिसोड को आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आम लोगों के साथ सुना। इस दौरान उन्होंने पीएम के स्वर में स्वर मिलाते हुए कहा कि 2 अक्टूबर को सभी से आग्रह है कि कम से कम एक खादी का कपड़ा जरूर खरीदें, इससे स्वदेशी को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने लोकल उत्पादों के उपयोग और आगामी दिवाली पर्व पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ का 126वां प्रसारण सुनना सौभाग्य की बात है। उन्होंने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ की खुशहाली की कामना की। उन्होंने बताया कि हर महीने के अंतिम रविवार को पीएम करोड़ों लोगों से रू-ब-रू होते हैं, और सभी को उनके विचारों का इंतजार रहता है।
उन्होंने कहा कि पीएम इस कार्यक्रम में राजनीतिक बातें नहीं करते, बल्कि समाज और देश के लिए अच्छा काम करने वालों को प्रेरणा स्रोत के रूप में पेश करते हैं। आज पीएम ने नेवी की दो बेटियों का जिक्र किया, जिन्होंने ‘नाम पॉइंट’ तक नाव से यात्रा की, जो देश की बेटियों के लिए प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रायपुर में 300 स्थानों पर ‘मन की बात’ सुनी गई, जो गौरव का विषय है। उन्होंने 2 अक्टूबर तक चल रहे सेवा पखवाड़े का जिक्र करते हुए कहा कि जनता तक हर सुविधा पहुंचाई जा रही है। साथ ही, तमिलनाडु में अभिनेता विजय की रैली में हुई भगदड़ पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।




