कांकेर।
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में रविवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने छिंदखड़क के जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों का ठिकाना ढूंढ निकाला। नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही गोलीबारी शुरू हो गई, जिसमें तीन इनामी नक्सलियों को मार गिराया गया। मारे गए नक्सलियों पर कुल 14 लाख रुपये का इनाम था। सुरक्षाबल ने उनके शवों के साथ हथियार और अन्य नक्सली सामग्री भी बरामद कर ली है।
मुठभेड़ अभी भी जारी है, और दोनों पक्षों से रुक-रुककर फायरिंग हो रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आई.के. एलिसेला ने बताया कि कांकेर-गरियाबंद सीमा के पास रावस के जंगलों में यह कार्रवाई चली। इस साल छत्तीसगढ़ में अब तक 252 नक्सलियों को मार गिराया जा चुका है, जिनमें से अधिकांश बस्तर संभाग में ही ढेर हुए हैं।
मारे गए नक्सलियों की पहचान:
– सरवन मडकम उर्फ विश्वनाथ उर्फ बुधराम पुनेम: एसीएम, सीतानदी/रावस समन्वय एरिया कमेटी का सचिव; इनाम 8 लाख रुपये।
– राजेश उर्फ राकेश हेमला: एसीएम, नगरी एरिया कमेटी और गोबरा एलओएस कमांडर; इनाम 5 लाख रुपये।
– बसंती कुंजाम उर्फ हिडमें: पीएम, समन्वय/प्रोटेक्शन टीम की सदस्य, मैनपुर-नुआपाड़ा; इनाम 1 लाख रुपये।
(एक महिला और दो पुरुष नक्सली)
बरामद हथियार व सामग्री:
– एक एसएलआर
– एक .303 राइफल
– एक 12 बोर बंदूक
– अन्य नक्सली सामग्री।




