गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। मरवाही वनमंडल ने घटिया सामग्री सप्लाई करने वाले तीन जेम वेंडरों पर बड़ी कार्रवाई की है। डीएफओ ग्रीष्मी चांद ने इन फर्मों को ब्लैक लिस्टेड करने के साथ उनकी अमानत राशि राजसात करने के आदेश दिए।
जानकारी के अनुसार, दीपाली इंटरप्राइजेज राजनांदगांव को 1 करोड़ 74 लाख रुपए से अधिक की स्टील चैन लिंक सप्लाई का आदेश दिया गया था, लेकिन निम्न स्तर की क्वालिटी मिलने पर 5.23 लाख रुपए की अमानत राशि जब्त कर ली गई।
इसी तरह, शुभ एग्रो इंडस्ट्रीज सूरजपुर को 1 करोड़ 4 लाख रुपए का वर्क ऑर्डर दिया गया था। घटिया माल सप्लाई करने पर इस फर्म का 3.13 लाख रुपए से अधिक का सुरक्षा धन राजसात किया गया।
वहीं, एसजी इंडस्ट्रीज मनेंद्रगढ़ को 65 लाख रुपए का ऑर्डर मिला था, लेकिन निम्न गुणवत्ता की सामग्री मिलने पर इस फर्म की 1.94 लाख रुपए की अमानत राशि जब्त कर दी गई।
डीएफओ ग्रीष्मी चांद ने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी फर्म द्वारा घटिया माल सप्लाई करने पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।




