रायपुर। आगामी 2 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर शहर के विभिन्न स्थानों पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित होंगे। बड़ी संख्या में दर्शकों की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और पार्किंग प्लान जारी किया है, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
इन जगहों पर होगा रावण दहन
- डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी दशहरा मैदान
- रावणभाठा मैदान, भाठागांव
- बी.टी.आई. ग्राउंड, शंकर नगर
- चौबे कॉलोनी दशहरा मैदान
- सप्रे शाला मैदान
पार्किंग व्यवस्था इस तरह रहेगी
- डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी – फाफाडीह से आने वाले दर्शक खमतराई ओवरब्रिज होकर प्रवेश करेंगे और वाहन कॉलोनी की गलियों व केंद्रीय विद्यालय मैदान में पार्क करेंगे। उरकुरा/खमतराई से आने वाले दर्शक रेलवे क्रॉसिंग के पास पार्किंग करेंगे।
- रावणभाठा मैदान – रिंग रोड नंबर 1 और बस स्टैंड मार्ग पर पार्किंग रहेगी। नेहरू नगर से आने वालों के लिए बस टर्मिनल के सामने खाली मैदान निर्धारित है। बसें नीलकंठेश्वर मंदिर मार्ग से प्रवेश करेंगी।
- बी.टी.आई. ग्राउंड – वाहन कचना-खम्हारडीह मार्ग के किनारे खड़े किए जाएंगे। शंकर नगर मुख्य मार्ग पर पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।
- चौबे कॉलोनी – दर्शक जीई रोड से चौबे कॉलोनी टर्निंग या अग्रसेन चौक से समता कॉलोनी होकर पहुंचेंगे। वाहन पार्किंग कॉलोनी की गलियों में करनी होगी।
- सप्रे शाला मैदान – यहां आने वाले लोग बूढ़ा तालाब पार्किंग और गांधी मैदान का उपयोग करेंगे।
पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे केवल तय पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और अनावश्यक रूप से कार्यक्रम स्थलों की ओर जाने से बचें। रावण दहन के दौरान पुलिस बल हर जगह तैनात रहेगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और लोग उत्सव का आनंद सुरक्षित माहौल में उठा सकें।




