रायपुर। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस में जिला अध्यक्ष पद की दावेदारी को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि, सभी दावेदार एक ही जगह इकट्ठा हो गए हैं, जैसे घोड़े जमा हो गए हों। लेकिन इनकी हालत खराब है और कांग्रेस का कोई घोड़ा टिक पाने लायक नहीं बचा। दूसरी ओर, भाजपा का रथ तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, जिसे रोकने की हिम्मत या ताकत किसी में नहीं है।
धान खरीदी पर बड़ा ऐलान
मंत्री नेताम ने धान खरीदी को लेकर भी महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने बताया कि नवंबर से प्रदेश में धान खरीदी शुरू हो जाएगी। सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदेगी। वर्तमान में लगातार हो रही बारिश के कारण प्रक्रिया को थोड़ा टालना पड़ेगा, उसके बाद तुरंत शुरुआत की जाएगी।
भाजपा कार्यालय में सहयोग केंद्र का उद्घाटन
नेताम ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में सहयोग केंद्र की शुरुआत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में भी ऐसे केंद्र खोले जाते थे, जहां मंत्रियों की बारी-बारी से ड्यूटी लगती है। कार्यकर्ता यहां अपनी परेशानियां रखते हैं, जिनका सहयोग से समाधान किया जाता है। यह कदम पार्टी को मजबूत बनाने में सहायक साबित होगा।




