रायपुर। छत्तीसगढ़ का राज्योत्सव इस बार खास अंदाज में मनाया जाएगा। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि अब आयोजन तीन दिनों की बजाय पांच दिनों तक चलेगा। इसकी शुरुआत 1 नवंबर से होगी, जिसमें राज्योत्सव का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। 5 नवंबर को समापन समारोह में उपराष्ट्रपति भाग लेंगे।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जांजगीर में डकैती मामले और एनएसयूआई नेताओं की संलिप्तता को लेकर कहा कि राज्य में जहां-जहां अपराध हुए, वहां कांग्रेस का हाथ दिखाई देता है। उन्होंने बताया कि कुछ विधायकों का रेत माफिया से वसूली ऑडियो सामने आया है, वहीं कुछ आगजनी और शराब घोटाले में शामिल हैं। शर्मा ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस अपराध की पटकथा लिख रही है।
वहीं, व्यापारी हेमंत चंद्राकर प्रकरण पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ट्वीट पर शर्मा ने कहा कि उनके कार्यकाल में कई फर्जी प्रकरण बनाए गए और पुलिस अधिकारियों तक को डराया गया। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव सरकार में प्रशासन और शासन ने अपने दायित्व के तहत काम किया और किसी अधिकारी पर जबरन दबाव नहीं डाला गया।




