स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ इस महीने होने वाली तीन वनडे और पांच टी-20 मुकाबलों के लिए अपनी टीमों का ऐलान कर दिया है। वनडे टीम में स्टार बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन को खराब फॉर्म के चलते बाहर रखा गया है, जबकि मैट रेनशॉ को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने पिछले साल नवंबर के बाद वनडे में वापसी की है।
टीम इंडिया इस महीने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी और पहला वनडे 19 अक्टूबर को पर्थ में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया ने पहले तीन वनडे और पहले दो टी-20 मुकाबलों के लिए अपनी टीमों का चयन कर लिया है।
लाबुशेन का खराब प्रदर्शन
मार्नस लाबुशेन ने अपनी पिछली 10 पारियों में मात्र 138 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 47 रन रहा। खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें वनडे टीम से बाहर किया गया है।
Read Also- ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले बड़ा बदलाव: शुभमन गिल के हाथों में वनडे की बागडोर, रोहित शर्मा से छीनी गई कप्तानी
रेनशॉ को मिला मौका
मैट रेनशॉ को लिस्ट-ए क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया-ए की ओर से श्रीलंका के खिलाफ शतक जड़ा था। आमतौर पर नंबर 3 या 4 पर बल्लेबाजी करने वाले रेनशॉ ने 50 ओवर के फॉर्मेट में नवंबर 2021 से 48.68 की औसत से रन बनाए हैं, जिनमें छह शतक शामिल हैं। रेनशॉ को पहले भी 2022 में पाकिस्तान दौरे के लिए टीम में चुना गया था, लेकिन तब उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला। अब उन्हें भारत के खिलाफ वनडे में खेलने का मौका मिलेगा।
स्टार्क की वापसी
तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क पिछले साल नवंबर के बाद वनडे में लौटेंगे। वहीं, विकेटकीपर एलेक्स केरी पहले वनडे में नहीं खेलेंगे, क्योंकि वे अपने राज्य साउथ ऑस्ट्रेलिया के लिए शेफील्ड शील्ड मैच में हिस्सा लेंगे। उनकी जगह जोश इंग्लिस विकेटकीपिंग करेंगे, जो हाल ही में चोट से उबर चुके हैं।
टी-20 टीम में बदलाव
ग्लेन मैक्सवेल अपनी टूटी कलाई के कारण टी-20 सीरीज से बाहर रहेंगे। कैमरन ग्रीन वनडे टीम में शामिल हैं, लेकिन टी-20 में हिस्सा नहीं लेंगे ताकि इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए शेफील्ड शील्ड मैच खेल सकें।
ऑलराउंडर कूपर कॉनोली और मिचेल ओवेन को भी वनडे टीम में मौका मिला है। टी-20 टीम में नाथन एलिस की वापसी हुई है, जो न्यूजीलैंड दौरे पर अपने पहले बच्चे के जन्म के कारण नहीं खेल पाए थे।
Read Also- टीम India ने लिया 77 साल का बदला: अहमदाबाद टेस्ट में वेस्टइंडीज को ढाई दिन में पारी और 140 रन से रौंदा, मैच सिर्फ 217 ओवर में खत्म
ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, एलेक्स केरी (विकेटकीपर), कूपर कॉनॉली, बेन ड्वार्शुइस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), मिचेल ओवेन, मैट रेनशॉ, मैथ्यू शॉर्ट, मिचेल स्टार्क, एडम जंपा
पहले दो टी-20 मुकाबलों के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम
मिचेल मार्श (कप्तान), सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, टिम डेविड, बेन ड्वार्शुइस, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), मैथ्यू कुहनेमन, मिचेल ओवेन, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस, एडम जंपा




