रायपुर। रायपुर जंगल सफारी की बीमार बाघिन ‘बिजली’ को बेहतर उपचार के लिए गुजरात के वनतारा जामनगर वाइल्डलाइफ रेस्क्यू एंड केयर सेंटर भेजा गया है। आज सुबह उसे हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस के जरिए विशेष व्यवस्था के तहत रवाना किया गया।
इससे पहले वन मंत्री केदार कश्यप स्वयं जंगल सफारी पहुंचे और बाघिन की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार, 22 अगस्त से ‘बिजली’ को भोजन करने में परेशानी हो रही थी और उसका लगातार इलाज चल रहा था। अब उच्च स्तरीय देखभाल के लिए उसे जामनगर शिफ्ट किया गया है।
जंगल सफारी प्रशासन ने इस संबंध में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों से सहयोग मांगा था। मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल ट्रेन में विशेष व्यवस्था की अनुमति दी। रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और बाघिन को पूरी सुरक्षा के साथ भेजा जाए।
वन मंत्री कश्यप ने बताया कि बाघिन की उम्र करीब 8 वर्ष है और उसे यूट्रस एवं ओरल इन्फेक्शन की समस्या है। जामनगर स्थित वनतारा सेंटर में उसका लगभग एक महीने तक इलाज चलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि बेहतर चिकित्सा से ‘बिजली’ जल्द स्वस्थ होकर जंगल सफारी में लौटेगी।




