कोरबा। जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर के साथ सीनियर डॉक्टर द्वारा छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि तबीयत पूछने और जांच के बहाने डॉक्टर ने उसके साथ अशोभनीय हरकत की।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र का मामला
यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। पीड़िता पिछले तीन महीनों से मेडिकल कॉलेज के आयुष विंग विभाग में प्रशिक्षण ले रही थी। आरोपी की पहचान आयुर्वेदिक सीनियर डॉक्टर एके मिश्रा के रूप में हुई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने धारा 354 (महिला से छेड़छाड़) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्टाफ रूम में हुई घटना
मामला शनिवार दोपहर का बताया जा रहा है। ट्रेनी डॉक्टर किसी कार्य से डॉक्टर मिश्रा के स्टाफ रूम में गई थी। उस समय कमरे में आरोपी डॉक्टर, पीड़िता और एक अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी ने तबीयत पूछने के बहाने जबरन जांच करने की कोशिश की और अनुचित तरीके से छूने लगा। घबराई पीड़िता तुरंत कमरे से बाहर निकल आई।
डीन और परिजनों को दी सूचना
घटना के बाद ट्रेनी डॉक्टर ने कॉलेज के डीन को पूरे मामले की जानकारी दी और फिर परिजनों को बताया। अगले दिन परिजन कोरबा पहुंचे और सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।
जांच समिति करेगी कार्रवाई
एएसपी नीतीश ठाकुर ने बताया कि मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। वहीं, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. केके सहारे ने कहा कि घटना की जांच आंतरिक शिकायत निवारण समिति (Internal Complaints Committee) द्वारा की जाएगी। समिति दोनों पक्षों के बयान लेकर आगे की कार्रवाई तय करेगी।




