धमतरी। रुद्री बैराज से महानदी में पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। मंगलवार को गंगरेल बांध से करीब 10,500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिसके बाद रुद्री बैराज के पांच गेटों से 10,000 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज जारी है। तेज बहाव के बावजूद नदी में बच्चे नहाते हुए नजर आए, जबकि सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे।
गौरतलब है कि इसी स्थान पर पिछले वर्ष एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो चुकी है। इसके बावजूद सुरक्षा के उपायों की अनदेखी की जा रही है। गंगरेल बांध के कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश के कारण जलस्तर बढ़ा, जिससे बीते कुछ दिनों से गेटों से पानी छोड़ा जा रहा है। यह पानी रुद्री बैराज से होते हुए महानदी में पहुंच रहा है, जिससे नदी में जलस्तर काफी बढ़ गया है।
तेज बहाव के बीच बच्चों का नदी में उतरना किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि जब भी बैराज से पानी छोड़ा जाए, तब वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही नगर सैनिकों या पुलिस की ड्यूटी लगाकर नदी में किसी को उतरने से रोका जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना को टाला जा सके।




