जशपुर। जिले के सुलेसा गांव में पूर्व उपसरपंच सल्लु राजवाड़े के घर पर नक्सलियों द्वारा धमकी भरा पर्चा चस्पा किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह पर्चा PLFI माओवादी संगठन के नाम से मिला है, जिसमें पूर्व उपसरपंच को चेतावनी दी गई है कि यदि उन्होंने नक्सल संगठन के खिलाफ राजनीति की तो उन्हें जान-माल से नुकसान होगा।

पर्चे में लिखा गया है कि आप हमारे आदमी के साथ ज्यादा राजनीति कर काम में बाधा डाल रहे हैं। पहले भी आपने हमारे काम में बाधा डाली थी, जिसे नजरअंदाज किया गया, लेकिन अब फिर से ऐसा करने पर कार्रवाई की जाएगी।
Read Also- 16 अक्टूबर को शहर के 75% हिस्से में शाम को नहीं आएगा पानी, 17 अक्टूबर की सुबह से बहाल होगी जल आपूर्ति
SP शशिमोहन सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद बगीचा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पर्चा जब्त कर लिया। उन्होंने कहा कि जशपुर जिला 2018 से नक्सलमुक्त घोषित है और नक्सल आंदोलन यहां सक्रिय नहीं है। इसके बावजूद पुलिस मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि कहीं यह रंजिश के तहत तो नहीं किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री गणेश राम भगत भी उपसरपंच से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नक्सली पूरी तरह समाप्त नहीं हुए हैं और पर्चे फेंककर दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने डीजीपी, एसपी और एडिशनल एसपी से परिवार को पूर्ण सुरक्षा देने की मांग भी की।




