रायपुर। छत्तीसगढ़ के इतिहास में आज का दिन नक्सल उन्मूलन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। दण्डकारण्य क्षेत्र के लगभग 200 नक्सली आज हथियार छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होंगे। आत्मसमर्पण करने वालों में कई वरिष्ठ हार्डकोर कैडर भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा की उपस्थिति में नक्सली आत्मसमर्पण करेंगे।
जगदलपुर के रिजर्व पुलिस लाइन में सुबह 11 बजे नक्सली नेता रूपेश के नेतृत्व में यह सामूहिक आत्मसमर्पण होगा। कार्यक्रम में गृहमंत्री विजय शर्मा, बस्तर रेंज के आईजी पी सुंदरराज और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा – बस्तर की असली ताकत उसके लोगों में
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस आत्मसमर्पण को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि बस्तर की वास्तविक शक्ति उसके लोगों की आत्मनिर्भरता, शिक्षा, आजीविका और सामाजिक सम्मान में निहित है। उन्होंने कहा कि शासन की नीतियां इन्हीं मूल्यों पर आधारित हैं, जिसके कारण दण्डकारण्य के भीतरी इलाकों तक नई उम्मीद और विकास का संदेश पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अवसर बस्तर में नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक निर्णायक मोड़ साबित होगा।




