पखांजूर। उत्तर बस्तर में सक्रिय नक्सली संगठन के सीसी मेंबर रामधेर ने अपने 50 साथियों के साथ महला कैम्प में आत्मसमर्पण किया है। सभी नक्सलियों पर कुल मिलाकर 50 लाख रुपए का ईनाम घोषित था। पखांजूर से लगभग 20 किलोमीटर दूर महला कैम्प में सुबह से हलचल बनी रही।
रामधेर का यह कदम संगठन पर उसकी पकड़ को दर्शाता है। उन्होंने अपने साथियों के साथ नक्सली विचारधारा को त्यागते हुए समाज की मुख्य धारा में शामिल होने का निर्णय लिया। इससे पहले 17 अक्टूबर को बस्तर पुलिस लाइन ग्राउंड में 210 नक्सलियों ने सामूहिक आत्मसमर्पण किया था।
सामूहिक आत्मसमर्पण के अवसर पर सभी नक्सलियों का फूलों और संविधान की पुस्तक के साथ स्वागत किया गया था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा और डिप्टी सीएम अरुण साव ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर वरिष्ठ माओवादी नेताओं और केंद्रीय समिति के सदस्य रुपेश उर्फ सतीश, भास्कर उर्फ राजमन मंडावी, रनिता, राजू सलाम, धन्नू वेट्टी उर्फ संतू और क्षेत्रीय समिति सदस्य रतन एलम ने भी आत्मसमर्पण किया।
आत्मसमर्पित नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को कुल 153 हथियार सौंपे, जिनमें 19 AK-47, 17 SLR, 23 INSAS, 1 INSAS LMG, 36 .303 राइफलें, 4 कार्बाइन और 11 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर शामिल थे।




