दुर्ग। भिलाई के कैंप-2 स्थित संतोषी पारा इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां अज्ञात व्यक्ति ने गोवंश पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। गाय के शरीर पर चाकू से 50 से अधिक वार किए गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में बजरंग दल एवं भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही छावनी पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल गोवंश को तत्काल इलाज के लिए भेजा गया। वहीं, आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव कर आरोपित की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में देर रात तक नशे में बदमाशों की आवाजाही रहती है, जिस पर पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गाय के जख्मों पर प्राथमिक उपचार के रूप में हल्दी लगाई गई, जबकि पुलिस ने मौके पर सबूत एकत्र कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए छावनी पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है।
छावनी सीएसपी हेमप्रकाश नायक ने बताया कि संतोषी पारा कैंप-2 क्षेत्र में हुई इस घटना की जांच की जा रही है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपित की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि दोषी की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है और जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।




