रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह एनआरवीएस प्लांट में बड़ा हादसा हो गया। ग्राम तराईमाल स्थित इस प्लांट के फर्नेस सेक्शन में अचानक भीषण विस्फोट हुआ, जिससे पूरा क्षेत्र दहल गया और कई किलोमीटर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा। हादसे में चार मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे फर्नेस ब्लास्ट होने के समय बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल श्रमिकों को तत्काल ओपी जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल मजदूर को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। हादसे के बाद एहतियातन प्लांट को सील कर दिया गया है। पूंजीपथरा थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया कि घायल मजदूर का इलाज जारी है और मौत की खबरें अफवाह हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट के कारणों की जांच के लिए तकनीकी टीम गठित की गई है। प्रारंभिक जांच में फर्नेस में प्रेशर बढ़ने की आशंका जताई गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




