रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि इस वर्ष नवा रायपुर में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो आयोजित किया जाएगा। साथ ही राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की विकास यात्रा और राज्य निर्माण की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
साव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि से निर्मित छत्तीसगढ़ आज विकास, समृद्धि और जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। पिछले ढाई दशकों में राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और अधोसंरचना के क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। इन्हीं उपलब्धियों की झलक राज्योत्सव स्थल पर विभागीय स्टॉलों के माध्यम से देखने को मिलेगी।
उन्होंने बताया कि राजधानी नवा रायपुर में पांच दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन होगा, जबकि सभी जिला मुख्यालयों में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस बार राज्य स्थापना समारोह को रजत जयंती वर्ष के रूप में अधिक व्यापक और ऐतिहासिक स्वरूप में मनाया जाएगा।
साव ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के आगमन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उनके स्वागत के लिए नवा रायपुर में रोड शो आयोजित होगा और मार्गों पर 12 आकर्षक स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। इन द्वारों पर छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, लोक परंपरा और विकास योजनाओं की झलक प्रदर्शित होगी। राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री के स्वागत को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
उप मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि बस्तर ओलंपिक की आयोजन तिथि में परिवर्तन किया जाएगा। पहले निर्धारित तिथि के दौरान स्कूलों की छुट्टियां और राज्योत्सव के कार्यक्रमों को देखते हुए विकासखंड स्तर पर होने वाले खेलों की नई तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।



