बलरामपुर। वाड्रफनगर से कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करने वाला वीडियो सामने आया है। यहां बलंगी पुलिस चौकी के ठीक सामने नशे में धुत एएसआई और आरक्षक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, दो वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में एएसआई नजर आ रहे हैं और दूसरे में आरक्षक। दोनों पुलिसकर्मी शराब के नशे में बुरी तरह लड़खड़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान स्थानीय लोग पुलिस चौकी के सामने ही उन्हें पिटाई करते हैं। मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
जानकारों के अनुसार नशे में धुत पुलिसकर्मी एएसआई नंदराम और आरक्षक सुरेंद्र हैं। एएसआई नंदराम का महीनेभर पहले जशपुर जिले में स्थानांतरण हो चुका था, जिसे घटना सामने आने के बाद तत्काल प्रभाव से रिलीव कर दिया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।




