धरसीवां। राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बोरझरा स्थित एक औद्योगिक इकाई का है, जहां एक श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान कोरिया जिले के चिरमिरी निवासी रवि सिंह चौहान (30 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रवि सिंह बोरझरा की एक निजी फैक्ट्री में काम करता था। कंपनी प्रबंधन ने परिजनों को सूचना दी कि काम के दौरान वह गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, मृतक के परिजनों और सहकर्मियों का कहना है कि रवि के नाक से खून बह रहा था, जिससे घटना को लेकर संदेह और गहराता जा रहा है।
मृतक के पिता रंजीत सिंह चौहान ने बताया कि रवि उनका इकलौता बेटा था और उसकी चार बहनें हैं जिनकी शादी हो चुकी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। पिता रंजीत सिंह, मां रीता सिंह और पत्नी रीता सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। रवि अपने पीछे छह वर्षीय बेटे आरो सिंह और तीन वर्षीय बेटी आरोही को छोड़ गया है।
परिजनों का कहना है कि रवि परिवार का एकमात्र सहारा था। उसकी अचानक मौत से पूरे परिवार की जिंदगी अंधकारमय हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतक का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उरला औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक सुरक्षा को लेकर लगातार लापरवाही बरती जा रही है। पिछले कुछ महीनों में कई मजदूरों की मौत के बावजूद प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
ग्रामीणों और श्रमिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और सहायता प्रदान की जाए।




