असम के मशहूर गायक जुबिन गर्ग का सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान निधन हो गया। उनकी अचानक हुई मौत से पूरे संगीत जगत और प्रशंसकों में शोक की लहर है। जब उनका पार्थिव शरीर असम लाया गया, तो अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े।
रिलीज हुई जुबिन गर्ग की आखिरी फिल्म ‘रोई रोई बिनाले’
जुबिन गर्ग की अंतिम फिल्म ‘रोई रोई बिनाले’ अब रिलीज हो चुकी है। उनके फैंस इस फिल्म को देखकर अपने प्रिय कलाकार को आखिरी बार पर्दे पर देखने का मौका नहीं छोड़ रहे हैं। गुवाहाटी समेत असम के कई थिएटर्स में भारी भीड़ देखी जा रही है। फिल्म की एडवांस बुकिंग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी है।
यह फिल्म असम के साथ देशभर के 46 स्थानों पर रिलीज की गई है। दिल्ली-एनसीआर और मुंबई के कुछ सिनेमाघरों में भी इसके विशेष शो रखे गए हैं। माना जा रहा है कि देशभर में मौजूद जुबिन गर्ग के प्रशंसक थिएटर्स में जाकर अपने पसंदीदा कलाकार को अंतिम बार बड़े पर्दे पर श्रद्धांजलि देंगे।




