कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कक्षा 11वीं की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने जब कमरे का दरवाजा खोला तो छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। उसे तुरंत फंदे से उतारकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कमरे में फंदे से लटकी मिली छात्रा
मिली जानकारी के अनुसार, बालको थाना क्षेत्र के नया रिस्दा भदरापारा निवासी तीजराम यादव बालको में कार्यरत है। उसके घर में उसकी भांजी यामनी यादव (16 वर्ष) अपनी सहेली के साथ रहकर स्थानीय विद्यालय में कक्षा 11वीं में पढ़ाई कर रही थी। बुधवार सुबह तीजराम काम पर चला गया और घर के बाकी सदस्य अपने काम में व्यस्त थे। यामनी अपने कमरे में थी और परिजनों ने यह समझा कि वह तबीयत खराब होने के कारण आराम कर रही है।
दोपहर में तीजराम जब घर लौटा और यामनी के बारे में पूछा, तो बताया गया कि वह अब भी कमरे में है। जब कमरे में जाकर देखा गया, तो वह फंदे से लटकी हुई मिली।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजनों ने तुरंत छात्रा को फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बालको पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी है।




