सूरजपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के कोट गांव में धान कटाई के दौरान एक खेत से नर कंकाल मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार को मजदूर जब खेत में धान काट रहे थे, तभी उन्हें मिट्टी के भीतर से कुछ हड्डियां दिखाई दीं। पास जाकर देखने पर उन्हें पूरा कंकाल दिखाई दिया। घबराए मजदूरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है ताकि कंकाल की उम्र, पहचान और मौत के कारणों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा सके।
Read Also- बिलासपुर रेल हादसे में 11 यात्रियों की मौत, जांच तेज; तीन दिनों में रिपोर्ट सौंपेगा आयोग
प्राथमिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि यह कंकाल करीब छह महीने पुराना हो सकता है। फिलहाल पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। आसपास के गांवों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाई जा रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।




