रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब मौसम ने करवट ले ली है। उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे लगे मध्य-पूर्व बंगाल की खाड़ी तथा म्यांमार क्षेत्र के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे कमजोर पड़ गया है। इसके चलते प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अब आकाश साफ और हवा शुष्क बनी हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं, लेकिन इसके बाद पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा।
Read Also- क्रशर संचालकों की दबंगई: पेट्रोल-डीजल चोरी के शक में दो युवकों को निर्वस्त्र कर पीटा, वीडियो वायरल
विशेषज्ञों का कहना है कि अब प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगेगा। उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में और सात नवंबर से मध्य व दक्षिण छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का एहसास स्पष्ट रूप से महसूस होगा।
चार दिन तक नहीं होगी वर्षा
मौसम केंद्र ने बताया है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश में कहीं भी वर्षा की संभावना नहीं है। आकाश साफ रहने के कारण दिन में हल्की गर्माहट तो रहेगी, लेकिन रात के समय ठंड बढ़ेगी। धीरे-धीरे उत्तर भारत से आने वाली सर्द हवाओं का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई देने लगेगा।




