रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह साइंस कॉलेज चौपाटी हटाने की कार्रवाई के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला। निगम की टीम जेसीबी क्रेन के साथ सुबह 5 बजे कार्रवाई शुरू करने पहुँची, जिससे पहले ही व्यापारी और कांग्रेस नेता विरोध में धरने पर बैठ गए थे।
बीती रात पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी समेत कई कांग्रेस नेता और व्यापारी चौपाटी हटाने के विरोध में धरने पर बैठे थे। सुबह कार्रवाई के दौरान विरोध स्वरूप पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता जेसीबी के नीचे लेट गए, जिसके बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी की स्थिति बनी।
Read Also- छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षा की तैयारियाँ शुरू, 10वीं-12वीं का टाइम टेबल हुआ जारी
पुलिस ने इस दौरान पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। मौके पर सभी जोन के अधिकारी और निगम की दर्जनभर से अधिक गाड़ियां तैनात थीं।
निगम ने चौपाटी को ओवरब्रिज के नीचे शिफ्ट करने का निर्णय लिया था, लेकिन यह जमीन रेलवे की है। रेलवे ने उस जमीन पर पार्किंग बनाने की योजना बनाई है और वहां काम कर रहे मोटर मैकेनिकों को जगह खाली करने का नोटिस जारी किया है। रेलवे के मालिकाना हक जताने के बाद चौपाटी शिफ्टिंग का मामला फिलहाल ठंडा पड़ गया है।




