महासमुंद। जिले में धान बेचने के लिए टोकन नहीं कटने की समस्या से परेशान एक किसान ने आत्महत्या का प्रयास करते हुए अपने गले पर ब्लेड चला लिया। किसान की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
मिली जानकरी के अनुसार, घटना ग्राम सेनभाठा की है। घायल किसान मनबोध गांडा घटना की जानकारी मिलते ही 112 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
Read Also- खेत में काम कर रही बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार…
ग्रामीणों के अनुसार, मनबोध गांडा रोजाना की तरह सुबह लगभग 8 बजे घर से गाय चराने निकले थे। इसी दौरान उन्होंने खेत में जाकर ब्लेड से खुद का गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। कुछ ही देर बाद ग्रामीणों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
तीन दिनों से च्वाइस सेंटर के चक्कर, नहीं कट रहा था टोकन
परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक किसान बीते तीन दिनों से धान बिक्री के लिए टोकन कटवाने च्वाइस सेंटर जा रहे थे, लेकिन हर बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा था। लगातार हो रही परेशानी और बढ़ते तनाव के कारण किसान बेहद मानसिक दबाव में थे। इसी तनाव में उन्होंने यह खतरनाक कदम उठाया।




