सुकमा। छत्तीसगढ़ सीमा से सटे आंध्र प्रदेश के मारेडमिल्ली घाट में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक निजी ट्रैवल्स की बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को चिंतूर अस्पताल भेजा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बस अरुकु से रायलसीमा चित्तूर की ओर जा रही थी। मारेडमिल्ली घाट में पहुंचते ही चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन खाई में जा गिरा। बस में कई महिलाएं भी सवार थीं, हालांकि मृतकों में महिलाओं और पुरुषों की संख्या का स्पष्ट विवरण अभी सामने नहीं आया है।
घटना की जानकारी मिलते ही राहत दल मौके पर पहुंच गया और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली है और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने की बात भी कही है।




