धमतरी। छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण को लेकर विवाद जारी है। कांकेर के बाद अब धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में गुरुवार को एक मामला सामने आया। बोराई निवासी साहू समाज की बुजुर्ग महिला ने कुछ समय पहले हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाया था। उनकी अचानक मौत हो गई। परिजनों द्वारा शव को दफनाने का प्रयास किए जाने पर ग्रामीणों ने विरोध किया, जिससे क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया।
परिजन नगरी शराब दुकान के पीछे वार्ड नंबर 1 में शव दफनाने के लिए गड्ढा खोद रहे थे। इस दौरान ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दफनाने से रोक दिया। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी सूचना मिलते ही पहुंचे और विरोध जताया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं। मृतका के परिजनों ने अब हिंदू रीति-रिवाज से शव दफनाने की सहमति जताई है। दोनों पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने के प्रयास जारी हैं।




