बिलासपुर। डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर एक वरिष्ठ नागरिक से 57 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। हालांकि आरोपी के पास से ठगी की कोई भी रकम बरामद नहीं हो सकी है।
सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह परिहार ने बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाले एक वरिष्ठ नागरिक को वर्चुअल मोबाइल नंबर से कॉल कर मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में संलिप्त होने का डर दिखाया गया था। जालसाजों ने खुद को जांच एजेंसी से जुड़ा बताते हुए डिजिटल अरेस्ट की धमकी दी और अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर कराकर कुल 57 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
मामले की जांच के दौरान साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल से प्राप्त जानकारी, ठगी की रकम प्राप्त करने में उपयोग किए गए बैंक खातों, खाताधारकों के विवरण, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। इसके बाद साइबर थाना की टीम ने उत्तर प्रदेश में दबिश देकर बुलंदशहर के मौथुरपुरा, शिकारपुर निवासी मनिंदर सिंह पिता निरंजन सिंह, उम्र 54 वर्ष, को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम की कोई बरामदगी नहीं हो सकी है। मामले में आगे की जांच जारी है।




