बिलासपुर। मार्निंग वॉक पर निकले एक प्रापर्टी डीलर को पीछे से तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे करीब 15 फीट उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया।
सिविल लाइन पुलिस के अनुसार 23 दिसंबर की सुबह करीब 7 बजे उसलापुर प्रकृति विहार निवासी प्रापर्टी डीलर रवि सिंह घर से मार्निंग वॉक के लिए निकले थे। उसलापुर स्मार्ट सिटी क्षेत्र में वे सड़क किनारे पैदल चलते हुए मोबाइल पर अपने दोस्त से बात कर रहे थे। इसी दौरान उसलापुर ब्रिज की ओर से आ रही तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
टक्कर के कारण रवि सिंह करीब 15 फीट उछलकर सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनके सिर, हाथ, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने पर उनका दोस्त मौके पर पहुंचा, जहां लोगों की भीड़ जमा थी। घायल अवस्था में पड़े रवि सिंह को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह पूरी सड़क दुर्घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में कार चालक को खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए जानबूझकर टक्कर मारकर भागते हुए देखा गया है। पीड़ित पक्ष ने सीसीटीवी फुटेज के साथ कार चालक का नाम भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। इसके बावजूद पुलिस द्वारा बीएनएस की धारा 125 ए और 281 के तहत साधारण अपराध दर्ज किए जाने को लेकर पीड़ित पक्ष ने नाराजगी जताई है।




