रायपुर। छत्तीसगढ़ के उत्तर और मध्य संभागों में ठंड और कोहरे का सिलसिला लगातार जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने आगामी दिनों में प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ने की चेतावनी जारी की है। अगले तीन से चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभागों में शीतलहर चलने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
गुरुवार सुबह राजधानी रायपुर सहित रायगढ़, अंबिकापुर, सरगुजा, मैनपाट और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र में घना कोहरा देखा गया। प्रदेश में दिन का सर्वाधिक तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल प्रदेश में कोई प्रमुख मौसमी प्रणाली सक्रिय नहीं है, जिसके चलते मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि ठंडी हवाओं के प्रभाव से तापमान में गिरावट का क्रम जारी रह सकता है।
राजधानी रायपुर में आज सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।
शीतलहर के संभावित असर को देखते हुए रायपुर नगर निगम सतर्क हो गया है। मेयर मीनल चौबे और आयुक्त विश्वदीप ने सभी जोन आयुक्तों और जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे रात के समय फील्ड में उपस्थित रहकर अलाव व्यवस्था की सतत निगरानी करें, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
आम नागरिकों को राहत प्रदान करने के लिए रायपुर नगर निगम द्वारा शहर के 12 विभिन्न स्थानों पर अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। इससे बेघर लोगों, राहगीरों और जरूरतमंदों को भीषण ठंड से राहत मिल सकेगी।




