सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में अंबिकापुर एसीबी की टीम ने सूरजपुर स्थित उप आयुक्त सहकारिता कार्यालय में दबिश देकर सहकारिता निरीक्षक अभिषेक सोनी को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार सहकारिता निरीक्षक ने लेखपाल के पद पर नियुक्ति कराने के बदले प्रार्थी से 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। इस संबंध में प्रार्थी द्वारा एसीबी में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने जाल बिछाकर आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान कार्यालय के एक बंद कमरे में एसीबी अंबिकापुर की टीम द्वारा आगे की पूछताछ और दस्तावेजी कार्रवाई की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।




