गरियाबंद। राजिम के कुलेश्वर मेडिकल में नकली कफ सिरप मिलने के 30 दिन बाद खाद्य एवं औषधीय प्रशासन ने सप्लाई करने वाले नवापारा के नवकार मेडिकल स्टोर पर दबिश दी। टीम ने डिजिटल साक्ष्य जब्त किए। हालांकि, पुख्ता प्रमाण होने के बावजूद कार्रवाई में विलंब से विभाग पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि इस प्रकरण की जड़ में व्यापारिक प्रतिस्पर्धा हो सकती है।
खाद्य एवं औषधीय प्रशासन के निरीक्षक धरमवीर सिंह ध्रुव के नेतृत्व में रायपुर की टीम ने नवापारा सदर रोड स्थित नवकार मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। निरीक्षक ध्रुव ने बताया कि राजिम के कुलेश्वर मेडिकल के पिछले निरीक्षण में नकली कफ सिरप के मामले में नवकार मेडिकल का लिंक सामने आया था। इसी आधार पर डिजिटल एवं अन्य साक्ष्य जब्त किए गए हैं। आगे पूछताछ के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में विलंब पर सवाल
विभाग ने महीनेभर पहले कुलेश्वर मेडिकल संचालक सीताराम साहू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की थी और इसे जीवन-खतरनाक कारोबार बताया था। कोर्ट में पेश चालान में भी जोखिमपूर्ण गतिविधि का उल्लेख किया गया। लेकिन विभाग की अपेक्षित सक्रियता नजर नहीं आई। सूत्रों के अनुसार, कई दौर की उच्चस्तरीय मैत्रीपूर्ण वार्ताएं सकारात्मक परिणाम न देने के बाद नवंबर में मेडिकल स्टोर सील कर संचालक को गिरफ्तार किया गया। इस देरी से विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं।




