नई दिल्ली। दिल्ली-NCR में मौसम ने करवट ले ली है और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में तेज गरज और बिजली कड़कने के साथ भारी वर्षा हो सकती है। बदलते मौसम का असर यातायात पर भी देखने को मिल रहा है, खासकर हवाई यात्रियों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
दो घंटे में इन इलाकों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो घंटों के भीतर दिल्ली और एनसीआर के करनाल, राजौंद, असंध, सफीदों, जींद, सोनीपत, गोहाना, गन्नौर, रोहतक, खरखोदा, माटनहेल, झज्जर, फरुखनगर, सोहाना, रेवाड़ी, पलवल, नूह, औरंगाबाद, होडल (हरियाणा), नंदगांव, इगलास, बरसाना, राया, मथुरा (उत्तर प्रदेश), भिवाड़ी और तिजारा (राजस्थान) के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं (30-50 किमी/घंटा) चल सकती हैं।
Read Also- मंत्री के जन्मदिन समारोह में शामिल हुए कलेक्टर और एसपी, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद उठे सवाल
दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान
IMD ने दिल्ली के लिए मौसम बुलेटिन जारी किया, जिसमें मध्यम स्तर की बारिश, बिजली गिरने और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। बुधवार सुबह राजधानी का न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। सुबह 8:30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) 89 प्रतिशत रही।
बेहतर हुई दिल्ली की हवा
लगातार हो रही बारिश की वजह से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है। बुधवार सुबह 9 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 60 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।
Read Also- डिमांड पूरी न होने पर पति ने दिया तीन तलाक, पुलिस ने दर्ज किया मामला
एयरलाइंस की ट्रेवल एडवाइजरी
मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए ट्रेवल एडवाइजरी जारी की है। कंपनी ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर लिखा, “दिल्ली में तूफानी हवाओं के कारण फ्लाइट ऑपरेशन्स प्रभावित हो सकते हैं। एक सहज हवाई यात्रा के लिए यात्रियों से अनुरोध है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की जांच अवश्य कर लें।”




