बिलासपुर। पुराना बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के पास युवकों द्वारा ऑटो चालक और उसके दोस्त के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना में ऑटो चालक का दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
तालापारा के संजय नगर निवासी अजय चौहान (22) ऑटो चालक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार रात करीब 9.45 बजे वह अपने दोस्त करण बचकानी के साथ पुराना बस स्टैंड के पास स्थित शराब दुकान पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक ने करण से शराब पीने के लिए रुपये मांगे। बातचीत के दौरान उसने अपना नाम राहुल बंजारे बताया।
कुछ ही देर में राहुल बंजारे के साथी अरमान अली, मनोहर विश्वकर्मा, धर्मेंद्र बंजारे और रितेश सोनकर भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने अजय और करण से शराब पीने के लिए रुपये मांगने शुरू कर दिए। मना करने पर आरोपितों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में करण बेहोश हो गया।
घटना के बाद घायल करण को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स रेफर किया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया।
मारपीट की सूचना मिलते ही तारबाहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं मौके पर मौजूद अन्य लोगों को समझाइश देकर छोड़ दिया गया।




