बिलासपुर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू रविवार को एक अप्रत्याशित सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। वे अपने संसदीय क्षेत्र बिलासपुर से रायपुर एयरपोर्ट जा रहे थे, तभी चंदेली (दामाखेड़ा) के पास उनकी कार में एक लोहे की रॉड टकरा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय वाहन में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के साथ उनके निजी स्टाफ और सुरक्षा अधिकारी मौजूद थे। लोहे की रॉड वाहन के सनरूफ और मिरर के पास से टकराते हुए शीशे को क्षतिग्रस्त कर गई। अधिकारियों के अनुसार, यदि वाहन में यह सुरक्षा संरचना नहीं होती, तो रॉड सीधे चालक या यात्रियों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती थी।
इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। घटना के तुरंत बाद एस्कॉर्ट ड्यूटी में तैनात पुलिस बल ने लोहे की रॉड को जब्त कर लिया। प्रशासन ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना आकस्मिक प्रतीत होती है, हालांकि सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि वाहन में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें कार में फंसी लोहे की रॉड और क्षतिग्रस्त शीशा स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।




