धरसीवां। सांकरा से सिमगा तक निर्माणाधीन सिक्स लेन सड़क और उससे जुड़ी सांकरा–सिलतरा सर्विस रोड लगातार हादसों का कारण बनती जा रही है। अव्यवस्थित निर्माण, संकरी सर्विस रोड और भारी वाहनों की तेज रफ्तार के चलते दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सिलतरा क्षेत्र में एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार मृतक मोटरसाइकिल से सिलतरा से चरोदा की ओर सर्विस रोड पर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इसी क्षेत्र में एक अन्य सड़क दुर्घटना में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सिलयारी चौकी अंतर्गत रैता टर्निंग के पास हुआ। बताया गया कि एक अनियंत्रित वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल धरसीवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि सर्विस रोड अत्यंत संकरी है, जगह-जगह कट और खतरनाक मोड़ हैं, जबकि भारी वाहनों की आवाजाही के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। प्रशासन और संबंधित निर्माण एजेंसी की लापरवाही के चलते आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि सर्विस रोड को सुरक्षित बनाया जाए, स्पीड ब्रेकर और संकेतक बोर्ड लगाए जाएं तथा पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।




