नई दिल्ली/रायपुर। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (PMRBP) 2025 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने जानकारी दी है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। पात्र बच्चों के नामांकन की अंतिम तिथि अब 31 जुलाई 2025 तय की गई है, जो पहले 15 मई 2025 थी।
छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य के नागरिकों, शैक्षणिक संस्थानों, अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की है कि वे 5 से 18 वर्ष की आयु वाले ऐसे बच्चों को इस पुरस्कार के लिए आवेदन कराने हेतु प्रेरित करें, जिन्होंने बहादुरी, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला-संस्कृति और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं।
Read Also- फ्लाइट यात्रियों के लिए अलर्ट: दिल्ली-NCR में भारी बारिश, Air India ने जारी की एडवाइजरी
नामांकन के लिए इच्छुक आवेदक या नामांकित करने वाले व्यक्ति/संस्था को https://awards.gov.in पोर्टल पर जाकर पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण के समय आवेदक को अपना नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ईमेल, आधार संख्या सहित अन्य जरूरी जानकारी देनी होगी। इसके पश्चात प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 की श्रेणी का चयन कर आवेदन पूरा करना होगा।
आवेदन में उपलब्धियों का 500 शब्दों का संक्षिप्त विवरण, अधिकतम 10 पीडीएफ दस्तावेज और हालिया फोटो (JPG/PNG फॉर्मेट में) अपलोड करना अनिवार्य है। आवेदन को ड्राफ्ट के रूप में सेव किया जा सकता है और अंतिम तिथि से पहले उसे संपादित कर जमा भी किया जा सकता है।




