बलरामपुर। जिले के शारदापुर गांव से एक हृदय विदारक हादसा सामने आया है। मध्यान्ह भोजन अवकाश के दौरान खेलते-खेलते स्कूल का एक छात्र पास ही निर्माणाधीन मकान में चला गया, जहां अचानक छज्जा गिरने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक और हड़कंप का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार शारदापुर गांव के खुटहन पारा स्थित माध्यमिक शाला में अध्ययनरत कक्षा छठवीं का छात्र आलोक कुमार (पिता रमेश देवांगन) मध्यान्ह भोजन के बाद अवकाश के समय अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह स्कूल परिसर के पीछे स्थित निर्माणाधीन भवन में पहुंच गया। तभी अचानक भवन का छज्जा गिर पड़ा और आलोक उसके नीचे दब गया।
घटना की जानकारी अन्य बच्चों ने शिक्षकों को दी। मौके पर पहुंचे शिक्षकों ने ग्रामीणों की मदद से मलबे में दबे आलोक को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने स्कूलों के आसपास चल रहे निर्माण कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




